SA vs AUS World Cup 2023: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का 10वां मैच दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच लखनऊ के एकाना मैदान पर खेला गया, जहां दक्षिण अफ्रीका ने 5 बार वर्ल्ड चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया 134 रन से रौंदकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
ऑस्ट्रेलिया की यह इस वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी हार है। पहले मैच में उसे मेजबान भारत के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में श्रीलंका को 102 रनों से हराया था।
SA vs AUS World Cup 2023: दक्षिण अफ्रीका की पारी
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। अफ्रीकी टीम के बल्लेबाजों ने सधी शुरुआत की और निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 311 रन का स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने 106 गेंदों में 8 चौके और 5 छक्के की मदद से 109 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं, एडेन मार्करम (56 रन) अर्धशतक जड़ा। इसके अलावा कप्तान तेम्बा बावुमा ने 35, रासी वान डर डुसेन 26, हेनरिक क्लासेन 29, डेविड मिलर 17 और मार्को यानसेन 26 रन बनाकर पवैलियन पहुंचे। केशव महाराज (0) और कगिसो रबाडा (0) नाबाद लौटे। क्विंटन डिकॉक को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल ने 2-2 विकेट झटके। इसके अलावा जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और एडम जैम्पा ने 1-1 विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: भारत ने वर्ल्ड कप में 7वीं बार 250+ का लक्ष्य हासिल किया, रोहित शर्मा ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
SA vs AUS World Cup 2023: ऑस्ट्रेलिया की पारी
312 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम महज 40.5 ओवर में 177 के कुल स्कोर पर ढेर हो गई। कंगारू टीम के लिए मार्नस लाबुशेन ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। वहीं, मिचेल स्टार्क ने 27 रन का योगदान दिया। इसके अलावा मिचेल मार्श 7, डेविड वार्नर 13, स्टीव स्मिथ 19, जोश इंग्लिस 5, ग्लेन मैक्सवेल 3, मार्कस स्टोइनिस 5, मिचेल स्टार्क 27, पैट कमिंस 22 और जोश हेजलवुड 2 रन बनाकर आउट हुए। एडम जैम्पा 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जबकि केशव महाराज, मार्को यानसेन और तबरेज शम्सी को 2-2 शिकार किए। वहीं, लुंगी एनगिडी को 1 विकेट से संतुष्ट होना पड़ा।
SA vs AUS World Cup 2023: वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार
ऑस्ट्रेलिया की यह वर्ल्ड कप (ICC World Cup 2023) में सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 1983 के वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम को भारत से रिकॉर्ड 118 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। ये अपने आप में ही शर्मनाक रिकॉर्ड है कि 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम साल 2000 के बाद चौथी बार वर्ल्ड कप में 200 के अंदर ढेर हो गई। बात अगर इस वर्ल्ड कप के शुरुआती दोनों मैचों की करें तो टीम 200 रन नहीं बना सकी और 10 विकेट गिर गए थे। भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया 199 रन पर सिमट गई थी। कंगारू टीम के साथ पहले ऐसा 2015 और 2011 वर्ल्ड कप में भी हो चुका है।
विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार
- 134 रन vs दक्षिण अफ्रीका, लखनऊ, 2023*
- 118 रन vs भारत, केम्सफोर्ड, 1983
- 101 रन vs वेस्टइंडीज, लीड्स, 1983
- 89 रन vs पाकिस्तान, नॉटिंघम, 1979
साल 2000 के बाद विश्व कप में ऑल-आउट होने के वक्त ऑस्ट्रेलिया का सबसे कम स्कोर
- 151 vs न्यूजीलैंड, ऑकलैंड, 2015
- 176 vs पाकिस्तान, कोलंबो (आरपीएस), 2011
- 177 vs दक्षिण अफ्रीका, लखनऊ, 2023* (इस मैच में)
- 199 vs भारत, चेन्नई, 2023* (पिछला मैच)
- 1992 विश्व कप के बाद पहली बार शुरुआती दो मैच हारा ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के साथ ऐसा 31 साल बाद हुआ है कि उसे वर्ल्ड कप में अपने शुरुआती दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा हो। 1992 वर्ल्ड कप में भी ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती दोनों मुकाबले में भी न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका ने ही हराया था।
SA vs AUS World Cup 2023: दोनों टीमों की प्लइंग 11
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी।